होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया ने अपनी Honda CB1000 Hornet SP बाइक के लिए एक वॉलंटरी रिकॉल जारी किया है. ये बाइक 30 सितंबर 2024 से 22 अगस्त 2025 के बीच बनी थी. इस रिकॉल का कारण दो तकनीकी समस्याएं हैं. पहली समस्या फ्यूल फीड होज़ की फिटिंग से जुड़ी है, जिसे कुछ स्थितियों में सही तरीके से सुरक्षित रखने के लिए जांच की जरूरत पड़ सकती है.दूसरी समस्या इंजन में तेल की खपत से संबंधित है, जो कुछ पार्ट्स की वजह से ज्यादा या कम हो सकती है. इसलिए बाइक की बेहतर परफॉर्मेंस बनाए रखने के लिए जरूरी जांच और सुधार किए जाएंगे.
रिपेयरिंग पूरी तरह फ्री में की जाएगी
सावधानी के तौर पर होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया देशभर के अपने रजिस्टर्ड बिगविंग टॉपलाइन डीलरशिप पर इस बाइक को चेक करेगी और जरूरी सुधार करेगी. इस अभियान के तहत फ्यूल फीड होज़ की सही फिटिंग को ठीक किया जाएगा और अगर जरूरत पड़ी तो इंजन के कुछ प्रभावित पार्ट्स को भी बदला जाएगा. सबसे खास बात ये है कि ये सारी रिपेयरिंग पूरी तरह फ्री में की जाएगी, चाहे बाइक वारंटी में हो या नहीं.
रजिस्टर्ड डीलरशिप पर जाएं
कंपनी अपने बिगविंग टॉपलाइन डीलरों के माध्यम से इस घोषणा की तारीख से ग्राहकों को कॉल, ईमेल या एसएमएस द्वारा सूचित करेगी कि वो किसी रजिस्टर्ड डीलरशिप पर जाएं. डीलरशिप पर किसी भी असुविधा या प्रतीक्षा से बचने के लिए, ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वो उपलब्धता के मुताबिक, अपनी सर्विस अपॉइंटमेंट पहले से बुक कर लें. ग्राहक होंडा की वेबसाइट पर अपना वाहन पहचान संख्या (VIN) जमा करके ये भी चेक कर सकते हैं कि उनकी बाइक इस अभियान के अंतर्गत आती है या नहीं.
होंडा सीबी1000 हॉर्नेट एसपी इंजन
होंडा सीबी1000 हॉर्नेट एसपी में 999सीसी का इनलाइन चार-सिलेंडर इंजन लगा है जो 155 बीएचपी और 107 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है, और इसमें स्लिपर क्लच, क्विक-शिफ्टर, होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल और बेहतर परफॉर्मेंस एक्सपीरियंस के लिए पांच राइडिंग मोड दिए गए हैं.
होंडा सीबी1000 हॉर्नेट एसपी कीमत
होंडा सीबी1000 हॉर्नेट एसपी में आगे की तरफ 310 मिमी ब्रेम्बो रेडियल-माउंट कैलिपर्स और पीछे 240 मिमी डिस्क के साथ डुअल फ्रंट डिस्क ब्रेक मिलते हैं. सीबी750 हॉर्नेट में आगे की तरफ 296 मिमी डुअल डिस्क ब्रेक और पीछे 240 मिमी डिस्क मिलती है. दोनों मॉडलों में डुअल-चैनल एबीएस दिया गया है. भारतीय बाजार में होंडा सीबी1000 हॉर्नेट एसपी 13.29 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत में आती है.

