पुलिस के सायरन की आवाज सुनते ही पेट्रोल बम घर में फेंककर भागे बदमाश, सीसीटीवी में हुए कैद

जबलपुर, 14 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनते ही बदमाश ने एक घर में पेट्रोल बम फेंका और भाग गया। घटना अधारताल के सुहागी क्षेत्र की है। अधारताल थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने बताया कि सुहागी निवासी नंदू पटेल भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। घर के अन्य सदस्य भी अपने अपने कमरे में चले गए। देर रात उनके घर हमला किया गया। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दो नकाबपोश बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचे। .

एक बदमाश सड़क के दोनों ओर नजर रख रहा था। दूसरे ने पास रखी बोतल निकाली। जिसमें पेट्रोल व अन्य घातक सामग्री भरी थी। शीशी में आग लगाकर उसे नंदू के घर पर फेंक दिया। जिसके बाद दोनों वहां से भाग गए। गनीमत रही कि हमले मेंं नंदू समेत परिवार के सदस्य बाल बाल बचे। उनकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर कुछ संदिग्धों काे पकड़कर पूछताछ की जा रही है।

दहशत फैलाने पेट्रोल पंप पर फेंका था बम, दो गिरफ्तार : शातिर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए पेट्रोल पंप पर बम फेंका था। आठ जनवरी की रात हुई घटना के बाद से तलाश में जुटी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी से रंजिश का बदला लेने के लिए बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। कैंट थाना प्रभारी विजय तिवारी ने बताया कि विजय गुप्ता 41 वर्ष निवासी सदर ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विजय पंप में पेट्रोल डिलीवरी का काम करता है।

छह जनवरी की शाम वह ड्यूटी पर था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। पहले पेट्रोल डालने को लेकर दोनों ने विवाद कर लिया था। पेट्रोल पंप पर बम पटकने की धमकी देकर दोनों भाग गए थे। आठ जनवरी की रात 8.30 बजे उनमें से एक युवक पेट्रोल पंप पहुंचा और मशीनों के बीच जलता हुआ बम फेंककर भाग गया। बम के धमाके से लोग दहशत में आ गए थे। विजय की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोटरसाइकिल एमपी 20 के एच 8055 चालक सुनील उर्फ नाटी ठाकुर 27 वर्ष निवासी गणेशगंज स्कूल के पीछे रांझी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि कटनी दफाई रांझी निवासी बादशाह सुक्रेल 29 वर्ष के साथ मिलकर उसने पेट्रोल पंप में बम फेंका था। पटाखा बाजार से रस्सी बम खरीदकर उसका बारूद निकाल लिया था। जिसमें पत्थर के टुकड़े मिलाकर ज्यादा क्षमता का बना दिया था। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।