रायपुर, 10 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में मामले के मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से चार दिन तक पुलिस रिमांड में गहन पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने और पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पेपर लीक की जानकारी वायरल होने के बाद कई लोग डिजिटल सबूत मिटाने में जुटे हुए थे। इसके बाद पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से डिलीटेड मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया चैट्स, डिजिटल एक्टिविटी और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शनों की जांच शुरू की
पुलिस टीम ने इस मामले में 50 से अधिक छात्रों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल तक पहुंची। आरोपी की पहचान ग्राम बरसरा, जिला बेमेतरा निवासी 19 वर्षीय वेणु जंघेल के रूप में हुई, जो वर्तमान में रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी 12वीं के छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले करीब 3000 रुपए तक की रकम वसूल रहा था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5000 रुपए के इनाम की घोषणा भी की थी।
थाना कोतवाली पुलिस और एसीसीयू रायपुर की टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, प्रश्नपत्र वायरल करने के तरीकों और आर्थिक लेनदेन से जुड़ी कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों और रिकवर किए गए डाटा के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच थाना कोतवाली रायपुर द्वारा जारी है।

