रायपुर, 10 मई (वेदांत समाचार)। मातृत्व दिवस के अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की महिला पुलिस टीम ने समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए वृद्धाश्रम एवं मानसिक स्वास्थ्य संस्थान पहुंचकर माताओं और बालिकाओं के साथ समय बिताया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान किया, उनका हालचाल जाना और उन्हें अपनापन का एहसास कराया।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की CAW विंग की महिला टीम रविवार को टिकरापारा स्थित चितवन वृद्धाश्रम पहुंची। यहां अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (CAW) डॉ. अर्चना झा, महिला थाना प्रभारी श्रीमती अर्चना धुरंधर एवं पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने वृद्धाश्रम में रह रही माताओं से मुलाकात की। महिला पुलिस अधिकारियों ने पुष्प भेंट कर बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया।
इस दौरान पुलिस टीम ने वृद्ध महिलाओं से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन से जुड़ी जानकारी ली। मातृत्व दिवस को यादगार बनाने के लिए वृद्धाश्रम में केक काटा गया और महिलाओं को उपहार भी वितरित किए गए। पुलिसकर्मियों ने उनके साथ समय बिताकर उन्हें परिवार जैसा अपनापन देने का प्रयास किया, ताकि वे अकेलापन महसूस न करें।
कार्यक्रम के दौरान पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला स्टाफ ने वृद्ध महिलाओं को महिला सुरक्षा के लिए संचालित पुलिस की विभिन्न योजनाओं और पिंक पेट्रोल यूनिट की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचना और उनकी भावनाओं को समझना भी पुलिस की जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इसके बाद महिला पुलिस टीम मदर टेरेसा मनोरोग संस्था पहुंची, जहां मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही महिलाओं और बालिकाओं के साथ समय बिताया गया। कई वर्षों से परिवार से दूर रह रही इन महिलाओं और बालिकाओं को पुलिस अधिकारियों ने फूल और मिठाइयां भेंट कर सम्मानित किया।
पुलिस टीम ने संस्थान में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं के साथ बैठकर बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर एक छोटे संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का माहौल भावुक और आत्मीयता से भरा रहा।
मातृत्व दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदनात्मक जुड़ाव स्थापित करना भी है। पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला कर्मचारियों ने कहा कि वृद्ध माताओं और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में रह रही महिलाओं के साथ समय बिताकर उन्हें सुकून, ममता और आत्मीयता का अनुभव हुआ, जो जीवनभर याद रहेगा।

