पंचायत भवन में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला

रतलाम। रतलाम के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सागोद में स्थित पंचायत भवन में राशन सामग्री के कागजात में सुधार करवाने के लिए आई 55 वर्षीय महिला रमीलाबाई पर उसके पति ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला करने के बाद आरोपित पति भाग निकला पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

रमीलाबाई ने नईदुनिया को बताया कि उसका पति आरोपित लालू गुर्जर निवासी ग्राम सागोद आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उनसे विवाद कर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर वह दो वर्ष पहले उससे अलग होकर रतलाम नगर के वीआइपी नगर में किराए का मकान ले कर रह रही है। शुक्रवार की दोपहर वह राशन सामग्री लेने के लिए ग्राम सागोद गई थी। दोपहर करीब 12.45 बजे व पंचायत भवन में मंत्री से कागजात में कुछ सुधार करवाने पहुंची थी। इसकी जानकारी उसके पति लालू गुर्जर को मिली तो वह धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा व उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

उसने उन पर कई वार किए। इससे उनके दोनों हाथ और पैर तथा दाहिनी कनपटी पर चोट आई है। हमला करने के बाद वह मौके से भाग गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। डायल 100 का दल मौके पर पहुंचा और रमीलाबाई को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह सेंगर, एसआइ जगदीश यादव, प्रधान आरक्षक नवीन पटेल आदि अस्पताल पहुंचे व रमीलाबाई से घटना के बारे में जानकारी ली। थाना प्रभारी सेंगर ने बताया कि आरोपित लालू गुर्जर की तलाश की जा रही है। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।