केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक का नया सिलेबस जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड ने शिक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए रटने की बजाय समझ आधारित पढ़ाई पर जोर दिया है, जिससे छात्रों के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
CBSE द्वारा 1 अप्रैल 2026 को जारी सर्कुलर के अनुसार, कक्षा 11वीं और 12वीं का सिलेबस पहले ही जारी किया जा चुका है, जबकि कक्षा 9वीं और 10वीं का सिलेबस 2 अप्रैल 2026 को जारी किया जा रहा है। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नया सिलेबस डाउनलोड करें और उसी के अनुसार अपनी पढ़ाई की योजना बनाएं।
इस बार सबसे बड़ा बदलाव कक्षा 9वीं में देखने को मिलेगा, जहां नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क 2023 (NCF-2023) की सिफारिशों को लागू किया जा रहा है। इसके तहत ‘स्कीम ऑफ स्टडीज’ में बदलाव किए गए हैं, जिससे पढ़ाई का पूरा ढांचा बदलने वाला है। अब शिक्षा केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छात्रों की समझ, कौशल और व्यवहारिक ज्ञान को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
नई व्यवस्था में स्किल बेस्ड लर्निंग को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत छात्रों को विषयों को गहराई से समझने और उन्हें वास्तविक जीवन में लागू करने के लिए तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही एक्सपीरियेंशियल लर्निंग को बढ़ावा दिया गया है, जिसमें छात्र प्रैक्टिकल और एक्टिविटी आधारित तरीकों से सीखेंगे। इससे उनकी सोचने और समस्या सुलझाने की क्षमता विकसित होगी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों को विषय चुनने में अधिक लचीलापन दिया जाएगा, जिससे वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार पढ़ाई कर सकेंगे। इस नई प्रणाली का उद्देश्य छात्रों का होलिस्टिक डेवलपमेंट सुनिश्चित करना है, ताकि वे केवल अकादमिक रूप से ही नहीं, बल्कि जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी सक्षम बन सकें।
CBSE ने शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड की ओर से सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे शिक्षकों को नए सिलेबस और बदलावों के बारे में पूरी जानकारी दें। साथ ही, स्कूलों को विशेष पेरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) आयोजित करने के लिए कहा गया है, ताकि अभिभावकों और छात्रों को नए सिस्टम के बारे में विस्तार से समझाया जा सके।
छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की मदद के लिए CBSE ने 2 अप्रैल को दोपहर 3 बजे CBSE मुख्यालय द्वारका में एक विशेष वेबिनार का आयोजन भी किया है, जिसे ऑनलाइन भी देखा जा सकेगा। इस वेबिनार में नए सिलेबस और पढ़ाई के नए तरीकों को विस्तार से समझाया जाएगा।
नया सिलेबस डाउनलोड करने के लिए छात्र CBSE के एकेडमिक पोर्टल पर ‘Curriculum 2026-27’ सेक्शन में जाकर इसे देख सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी स्कूलों को नए सिलेबस और गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।
