सुशासन तिहार 2026: जांजगीर-चांपा में जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान – vedantsamachar.in

सुशासन तिहार 2026: जांजगीर-चांपा में जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान

0 अकलतरा, सारागांव और लखुर्री में लगे शिविर, हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ

जांजगीर-चांपा, 08 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के लिए लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगाए जा रहे इन शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का समयसीमा में समाधान किया जा रहा है, साथ ही उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर पालिका अकलतरा, नगर पंचायत सारागांव और जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत लखुर्री में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। अकलतरा में राजेन्द्र कुमार सिंह उमावि वार्ड क्रमांक 05, सारागांव के सांस्कृतिक भवन तथा ग्राम पंचायत लखुर्री के पीएम श्री प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में शिविर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शहरी नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की चाबी, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सुपोषण किट, ऋण पुस्तिका और बी-1 खसरा सहित अन्य लाभकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा स्वसहायता समूहों की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

ग्राम पंचायत लखुर्री में आयोजित शिविर में कुल 1240 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, श्रमिकों के जॉब कार्ड, मजदूरी भुगतान, सिंचाई, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पानी या बिजली की समस्या है तो उसका तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए उन्होंने किसानों से कृषि संबंधी समस्याएं साझा करने की अपील की। साथ ही किसानों को उन्नत धान बीजों के उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि सोसायटी स्तर पर उर्वरक और कृषि सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। डीएपी खाद सहित अन्य आवश्यक कृषि सामग्री की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाएगी।

उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों का लाभ लेने की भी अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शुगर, ब्लड प्रेशर और अन्य बीमारियों की नियमित जांच आवश्यक है, इसलिए सभी नागरिक स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, जनपद पंचायत बम्हनीडीह की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

वहीं सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आगामी 12 मई को नगर पंचायत नवागढ़ और ग्राम पंचायत भड़ेसर में भी जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर पंचायत नवागढ़ के प्रगति क्लब में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के नागरिक शामिल होंगे। वहीं ग्राम पंचायत भड़ेसर में आयोजित शिविर में भड़ेसर, धुरकोट, अकलतरी, मौहाडीह, पीथमपुर, नवापारा, कनई, अमोदा, भादा, गौद, भैंसदा, पचेडा, सुकली, मुनुन्द, धनेली, भैंसमुड़ी, टूरी, हरदी और कर्रा सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।