0.सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित खेल अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
कोरबा, 08 मई (वेदांत समाचार)। नेपाल के पोखरा में 8 मई से 11 मई तक आयोजित होने वाली एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कोरबा जिले के खिलाड़ी अनुज अग्रवाल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन थाई बॉक्सिंग ऑफ इंडिया के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें भारत, नेपाल, श्रीलंका और फिलीपीन सहित चार देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ की ओर से कुल पांच बॉक्सर्स और दो अधिकारियों का चयन किया गया है। टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय रेफरी राजेश कुमार भी रवाना हुए हैं। कोरबा जिले की ड्रेगन मार्शल आर्ट एकेडमी से अनुज अग्रवाल का चयन यूथ सीनियर 57 किलोग्राम वजन वर्ग में हुआ है।
अनुज के कोच अजीत कुमार शर्मा ने बताया कि अनुज इससे पहले तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जहां उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया था। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता में रवाना होने से पहले अनुज अग्रवाल ने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, खेल अधिकारियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश बॉक्सिंग उपाध्यक्ष एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला महामंत्री नरेंद्र देवांगन, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी दीनू पटेल, सहायक क्रीड़ा अधिकारी रामकृपाल साहू, जिला क्रीड़ा अधिकारी जी.वी. गवेल, पूर्व सहायक क्रीड़ा अधिकारी के.आर. टंडन सहित कई गणमान्य लोगों ने अनुज को शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष दीपक प्रसाद, उपाध्यक्ष रविंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, ड्रेगन मार्शल आर्ट एकेडमी के संचालक एवं टेक्निकल डायरेक्टर अजीत शर्मा, रेफरी कमेटी हेड महेश देवांगन समेत खेल जगत से जुड़े कई लोगों ने अनुज अग्रवाल को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दीं।

