भारत का ऑटोमोबाइल सेक्टर पिछले कुछ सालों में तेजी से बदल रहा है. अब लोग नई तकनीक और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. खासतौर पर रोजाना सफर करने वाले कई लोग अब इलेक्ट्रिक कारों को पसंद कर रहे हैं.
सरकार भी ईवी (Electric Vehicle) को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों और कंपनियों को सब्सिडी जैसी सुविधाएं दे रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पेट्रोल-डीजल की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करें.अगर आप भी नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे हैं और आपका बजट 10 लाख रुपये तक है, आज हम आपको इस खबर के माध्यम से मार्केट में मौजूद गाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं.
टाटा पंच ईवी
टाटा पंच ईवी पिछले कुछ महीनों से सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार में से एक है. पंच ईवी दो बैटरी पैक ऑप्शन के साथ आती है – एक 25 किलोवाट-घंटे का बैटरी पैक जो 265 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है और दूसरा 35 किलोवाट-घंटे का बैटरी पैक जो 365 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करती है. टाटा पंच ईवी की कीमत 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है.
टाटा टियागो ईवी
10 लाख रुपये से कम के बजट में आने वाली दूसरी इलेक्ट्रिक कार टाटा टियागो ईवी है. ये 7.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत में आती है. टियागो ईवी उन लोगों के लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है जिन्हें बड़ी और चौड़ी पंच ईवी की आवश्यकता नहीं है. टाटा टियागो ईवी में दो बैटरी पैक का ऑप्शन मिलता है: 19.2 किलोवाट-घंटे की बैटरी और 24 किलोवाट-घंटे की बैटरी. 19.2 किलोवाट-घंटे की बैटरी 223 किलोमीटर की रेंज का दावा करती है, जबकि बड़ी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 293 किलोमीटर की रेंज देती है.
एमजी कॉमेट
इस लिस्ट में तीसरी और सबसे किफायती इलेक्ट्रिक गाड़ी एमजी कॉमेट है. एमजी कॉमेट की शुरुआती कीमत 4.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है. लेकिन कॉमेट ब्रांड के बास ऑप्शन के साथ आती है, इसलिए ग्राहकों को 2.5 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा, जिससे ये भारत में सबसे किफायती इलेक्ट्रिक वाहन बन जाती है.
