नई दिल्ली, 08 मई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 50वें मैच में विराट कोहली के साथ एक चौंकाने वाली घटना घटी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज सिर्फ दो गेंदों में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए. लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया. 213 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए विराट कोहली से टीम को एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके.
विराट के साथ 9 साल बाद हुआ ऐसा
टारगेट का पीछा करते हुए आरसीबी की शुरुआत खराब रही. मोहम्मद शमी ने पहले ओवर में जैकब बेथेल को सस्ते में आउट किया, इसके तुरंत बाद प्रिंस यादव ने अपनी दूसरी गेंद पर विराट कोहली को पवेलियन भेज दिया. प्रिंस ने पहले आउटस्विंगर फेंकी, फिर 140.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज इनस्विंग गेंद से कोहली को बोल्ड कर दिया. इसी के साथ 2023 सीजन के बाद पहली बार कोहली आईपीएल में डक पर आउट हुए. इस दौरान उन्होंने लगातार 46 पारियां बिना शून्य पर आउट हुए खेली थीं.
दूसरी ओर, 2017 के बाद पहली बार विराट कोहली आईपीएल में चेज करते हुए 0 पर आउट हुए. आखिरी बार ऐसा 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हुआ था. वहीं, वह अपने आईपीएल करियर में 11वीं बार बिना खाता खोले आउट हुए. इसके अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ये सिर्फ दूसरा मौका है जब विराट कोहली खाता नहीं खोल सके. LSG के खिलाफ खेले गए 8 मैचों में कोहली 2 बार 0 रन पर आउट हुए हैं.
प्रिंस यादव के लिए खास विकेट
विराट कोहली का विकेट हासिल करने के साथ प्रिंस यादव ने एक खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली हैं. वह आईपीएल इतिहास के सिर्फ दूसरे ऐसे गेंदबाज बने हैं जिसने विराट को 0 पर बोल्ड किया है. इससे पहले ये कारनामा सिर्फ धवल कुलकर्णी ने किया था. धवल कुलकर्णी ने साल 2016 में विराट को 0 पर बोल्ड किया था.
