रायपुर 8 मई 2026। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से फिलहाल लोगों को राहत मिली हुई है, लेकिन मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 5 दिनों तक कई इलाकों में अंधड़, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई। चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
