संदिग्ध बैग से मिला कम तीव्रता वाला विस्फोटक पदार्थ, पुलिस ने किया खुलासा – vedantsamachar.in

संदिग्ध बैग से मिला कम तीव्रता वाला विस्फोटक पदार्थ, पुलिस ने किया खुलासा

रायपुर, 07 मई (वेदांत समाचार) । राजधानी के रावाभाठा इलाके में संदिग्ध बैग मिलने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जिस सामग्री को देसी बम बनाने का सामान बताया जा रहा था, वह कम तीव्रता वाला विस्फोटक पदार्थ निकला है। पुलिस के अनुसार बैग में पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कम मात्रा का बारूद पाया गया है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन द्वारा जारी बयान के मुताबिक, गुरुवार सुबह वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्विनी यादव ने पुलिस को मोबाइल पर सूचना दी थी कि इलाके की मितानिन पुष्पा साहू के घर एक संदिग्ध बैग रखा गया है। यह बैग विनय देवांगन नामक व्यक्ति द्वारा वहां छोड़ा गया था। बैग में संदिग्ध वस्तु होने की आशंका पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। परीक्षण के दौरान बैग में लो एक्सप्लोसिव सामग्री मिली, जिसे पटाखा बनाने वाले बारूद के रूप में पहचाना गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध सामग्री को जब्त कर जांच आगे बढ़ाई गई है। साथ ही बैग छोड़ने वाले विनय देवांगन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध सामग्री वहां किस उद्देश्य से रखी गई थी।