कोयला चोरी: माइंस में सुरक्षा प्रबंध और सख्त करने की तैयारी – vedantsamachar.in

कोयला चोरी: माइंस में सुरक्षा प्रबंध और सख्त करने की तैयारी

लगातार आ रहे ऐसे मामलों से बढ़ी चुनौती

कोरबा 7 मई 2026। साउथ ईस्टन कोलफील्डस लिमिटेड की जिले में स्थित मेगा माइंस दीपका और गेवरा में खनिज पदार्थ की सुरक्षा को और सख्त किया जा रहा है। इसके लिए नए उपायों पर विचार जारी है। सुरक्षा एजेंसी के साथ डिवाईस को एडवांस करने की भी तैयारी है। हालिया घटनाओं के बाद इस तरह के प्रबंधों पर ध्यान दिया जा रहा है।
हाल में ही सीआईएसएफ की नजर में एक लोडर और तीन ट्रेलर आये थे। दीपका एरिया की कोयला खदान में यह मामला ओव्हर लोडिंग की आड़ में कोयला चोरी का था। खबर के अनुसार महावीर नामक कंपनी के लिए जारी डीओ के बहाने संबंधित वाहनों में 58 टन अतिरिक्त कोयला लोड कर दिया गया। कुल 215 टन कोयला की मात्रा में यह कोयला भी शामिल था। सीआईएसएफ की जांच पड़ताल में यह चीज उजागर हुई कि तय मात्रा से कहीं ज्यादा कोयला गाडिय़ों में भरा गया। बाद में इसे दीपका पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने लोडर सहित 4 गाडिय़ों और 215 टन कोयला को जप्त कर लिया। इस सिलसिले में 6 आरोपियों को जेल भेजा गया, जो इस खेल में शामिल थे। इस घटना में जहां व्यवस्था पर प्रश्रचिन्ह खड़े किये वहीं कंपनी को चपत लगाई। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी अडाणी पॉवर को आबंटित किये गए कोयला को कहीं और खपाने का मामला दीपका पुलिस ने पकड़ा था। जिसके बाद 9 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। बार-बार ऐसे मामले उजागर होने के बाद अब सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा पुख्ता करने की जरूरत महसूस की गई है। बताया गया कि पहले से ही हाई फ्रिकवेंशी वाले सीसीटीवी कैमरे अनेक प्वाइंट पर लगे हुए है। इसके अलावा सीआईएसएफ को भी सुरक्षा के काम में लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अब प्रबंधन नया कुछ करने की मानसिकता में है।