नई दिल्ली , 07 मई: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. इंग्लैंड दौरे पर न्यूजीलैंड को 3 टेस्ट की सीरीज खेलनी है, जिसका आगाज 4 जून से होना है. इस सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने टॉम लैथम की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम तो चुनी है मगर उससे कुछ बड़े नाम बाहर भी हैं. उनमें से दो खिलाड़ियों के बाहर होने की वजह उनका परिवार है. उन्होंने क्रिकेट से पहले अपनी पत्नी और बच्चों को रखा है. इन दो खिलाड़ियों के अलावा मिचेल सैंटनर इंजरी के चलते टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सके हैं.
पत्नी और बच्चों के लिए इंग्लैंड दौरे से बाहर ये खिलाड़ी
न्यूजीलैंड ने जिन खिलाड़ियों ने पत्नी और बच्चों के लिए इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज से किनारा किया है, उनमें जैकब डफी और माइकल ब्रेसवेल का नाम शामिल है. डफी अपने पहले बच्चे के पिता बनने वाले हैं. ऐसे में उस लम्हे को करीब से महसूस करने के लिए वो इंग्लैंड दौरे से बाहर हैं. माइकल ब्रेसवेल भी अब अपना ज्यादा समय पत्नी और बच्चों के साथ बिताना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने टेस्ट फॉर्मेट से दूरी बनाने का फैसला किया है. ब्रेसवेल अब अपना ज्यादा ध्यान लिमिटेड ओवर क्रिकेट पर फोकस करना चाहते हैं.
इंजरी के चलते सैंटनर को नहीं चुना गया
मिचेल सैंटनर अपनी कंधे की इंजरी से अब तक उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते फिलहाल उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुना गया है. लेकिन, ऐसा कहा जा रहा है कि अगर वो रिकवर होते हैं तो सीरीज के दौरान आगे उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है.
इन 4 खिलाड़ियों के बारे में अपडेट
बेन सियर्स को इंग्लैंड दौरे के लिए रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है. वो इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की मुख्य टीम का हिस्सा इसलिए भी नहीं बने हैं क्योंकि वो आयरलैंड के खिलाफ चुनी टेस्ट टीम का हिस्सा हैं. उनके साथ क्रिस्टन क्लार्क, माइकल रे और विल यंग के नहीं चुने जाने की भी यही वजह है कि वो आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट टीम का हिस्सा हैं.
न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान
आइए एक नजर डालते हैं इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुनी न्यूजीलैंड की टीम पर.
टॉम लैथम (कप्तान), काइल जैमीसन, रचिन रवींद्र, डेवन कॉनवे, डैरिल मिचेल, नाथन स्मिथ, जैक फॉक्स, हेनरी निकल्स, ब्लेयर टिकनर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, विल ओ राउरकी, केन विलियमसन, मैट बेनरी, ग्लेन फिलिप्स
