नई दिल्ली, 07 मई : IPL 2026 के 49वें मैच का नतीजा सनराइजर्स हैदराबाद के नाम रहा. पंजाब किंग्स एक बार फिर हैदराबाद में जीतने में नाकाम रही. उसे 33 रन से हार मिली जो कि बीते 12 सालों से जीत की तलाश में हैदराबाद पहुंच रही पंजाब किंग्स की यहां लगातार 9वीं हार है. पंजाब किंग्स की इस हार के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को मिला है. लेकिन, जब ऐसा हुआ तो कमिंस हैरान रह गए. SRH के कप्तान ने बाद में खुशी तो जाहिर की मगर उससे पहले सवाल उठाया कि प्लेयर ऑफ द मैच मुझे क्यों?
ये भी थे प्लेयर ऑफ द मैच के दावेदार
पंजाब किंग्स पर मिली जीत में प्लेयर ऑफ द मैच के हकदार सनराइजर्स हैदराबाद के कई खिलाड़ी थे. वो अवॉर्ड हेनरिक क्लासेन को भी मिल सकता था, जिन्होंने SRH के लिए मैच में सबसे ज्यादा रन बनाए तो नीतीश कुमार रेड्डी को भी जिन्होंने 13 गेंदों पर नाबाद 29 रन की पारी खेलने के बाद 2 ओवर में सिर्फ 11 रन देते हुए इनफॉर्म प्रभसिमरन सिंह का बड़ा विकेट तो लिया ही, उसके अलावा एक कैच भी पकड़ा.
पैट कमिंस अवॉर्ड मिलने से हुए हैरान
लेकिन, मैच के आयोजकों की नजर नें पैट कमिंस प्लेयर ऑफ द मैच थे. जब कमिंस को ये अवॉर्ड मिला तो उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि प्लेयर ऑफ द मैच मुझे कैसे मिल गया? लेकिन, इसके बाद उन्होंने कहा कि वो खुश हैं और अच्छा महसूस कर रहे हैं.
क्यों मिला कमिंस को प्लेयर ऑफ द मैच?
पैट कमिंस को प्लेयर ऑफ द मैच क्यों चुना गया? आइए अब पहले जरा वो जानने की कोशिश करते हैं. पहली वजह तो ये है ही कि उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए. लेकिन, ये देखिए कि वो 2 विकेट रहे किसके? उन्होंने प्रियांश आर्या को आउट किया, जो कि इनफॉर्म थे और PBKS के सबसे सफल बल्लेबाज भी. इसके बाद उन्होंने सुर्यांश शेडगे का विकेट लिया जो कि कूपर कोनोली के साथ 5वें विकेट के लिए 47 रन की पार्टनरशिप कर खतरनाक नजर आ रहे थे.
पैट कमिंस ने गेंद से तो कमाल किया ही, उसके अलावा फील्ड पर भी फुर्ती दिखाई. उन्होंने पंजाब किंग्स के दो बड़े बल्लेबाजों- प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर- का कैच पकड़ा. अब कैच पकड़ने से क्रिकेट में जीत तो मिलती ही है, वही हुआ जिसके लिए पैट कमिंस प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए.
इस लिस्ट में बने 7वें खिलाड़ी
SRH ने IPL 2026 में अब तक खेले 10 मैचों में अपनी 7वीं जीत दर्ज की. कमाल की बात ये है कि SRH की हरेक जीत का चेहरा मतलब उसमें बना प्लेयर ऑफ द मैच अलग खिलाड़ी रहा. 7वीं जीत के प्लेयर ऑफ द मैच पैट कमिंस रहे. इससे पहले छठी जीत में हेनरिक क्लासेन हीरो बने. 5वीं जीत में ईशान किशन. अभिषेक शर्मा चौथी जीत में प्लेयर ऑफ द मैच बने तो तीसरी जीत में अवॉर्ड ईशान मलिंगा का रहा. दूसरी जीत प्रफुल्ल हिंगे के नाम रही तो जीत का जब खाता खुला था तो उसमें प्लेयर ऑफ द मैच नीतीश कुमार रेड्डी बने थे.
