सुशासन तिहार 2026- हर आवाज को मिल रहा सम्मान, हर जरूरत को मिल रहा समाधान…गैस कनेक्शन से बदली कलिता देवांगन के जीवन की तस्वीर – vedantsamachar.in

सुशासन तिहार 2026- हर आवाज को मिल रहा सम्मान, हर जरूरत को मिल रहा समाधान…गैस कनेक्शन से बदली कलिता देवांगन के जीवन की तस्वीर

कोरबा 06 मई 2026 (वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार 2026 आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन, प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर नागरिक की आवाज सुनी जाए, उनकी जरूरतों को प्राथमिकता मिले और उन्हें सुशासन का वास्तविक अनुभव हो।


इसी क्रम में जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धनरास में रहने वाली श्रीमती कलिता देवांगन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नया गैस कनेक्शन प्राप्त हुआ है, जिससे उनके दैनिक जीवन में बड़ी सुविधा और राहत मिली है।


श्रीमती देवांगन बताती हैं कि उनके परिवार में तीन बच्चे हैं और उनके पति ट्रैक्टर चालक हैं। पहले वे पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाती थीं, जिससे उन्हें धुएं के कारण कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता था। खाना बनाने में अधिक समय और मेहनत भी लगती थी, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित होती थी। अब गैस कनेक्शन मिलने से न केवल उनका समय और श्रम बचेगा, साफ-सुथरे और सुरक्षित वातावरण में भोजन तैयार करना अब उनके लिए आसान हो गया है। इससे उनके परिवार के जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।


श्रीमती कलिता देवांगन ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार स्वयं लोगों तक पहुंच रही है और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता और जीवन पहले की तुलना में अधिक सरल और सुरक्षित हो गया है।