कोरबा, 06 मई (वेदांत समाचार)। जिले के ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटबितला में आंगनबाड़ी भवन निर्माण का मामला सामने आया है, जहां दो साल बीत जाने के बावजूद भवन आज तक पूरा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022-23 में ग्राम कटबितला में तीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। लेकिन निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। काम की धीमी गति और रुक-रुक कर हो रहे निर्माण के चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
भवन निर्माण पूरा नहीं होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्रभावित हो रहा है। छोटे बच्चों को कभी पंचायत भवन, तो कभी किराए के स्थान या अन्य अस्थायी जगहों पर बैठकर शिक्षा और पोषण आहार लेना पड़ रहा है। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है और गुणवत्ता को लेकर भी संदेह बना हुआ है। उनका कहना है कि काम रुक-रुक कर कराया जा रहा है, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा।
यह भी बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। सरपंच बदलने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और कार्य अधूरा ही पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की जांच कराते हुए इसे जल्द पूरा कराया जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थायी भवन मिल सके और बच्चों को बेहतर वातावरण में शिक्षा व पोषण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह योजना भी अन्य अधूरे विकास कार्यों की तरह कागजों में ही सिमट कर रह जाएगी।

