भारत की प्रमुख ऑटो कंपनी टाटा मोटर्स ने अपनी लोकप्रिय SUV Tata Harrier और Tata Safari के डीजल वेरिएंट के लिए नया Ultra मॉडल लॉन्च कर दिया है. इसके साथ ही कंपनी ने दोनों SUVs के लिए Ultra Red Dark Edition भी पेश किया है, जिससे ग्राहकों को अब और ज्यादा विकल्प मिलेंगे.
कीमत की बात करें तो Harrier Ultra Diesel Manual की शुरुआती कीमत 23.84 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि Safari Ultra Diesel Manual (7-सीटर) की कीमत 24.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है. इन दोनों गाड़ियों की बुकिंग देशभर के Tata डीलरशिप और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है.
अब डीजल ग्राहकों को भी मिलेंगे नए फीचर्स
इससे पहले Ultra ट्रिम और Red Dark Edition केवल पेट्रोल वेरिएंट में ही उपलब्ध थे. लेकिन अब कंपनी ने डीजल इंजन वाले ग्राहकों के लिए भी ये विकल्प पेश कर दिए हैं. इससे Harrier और Safari की पूरी वेरिएंट लाइनअप अब पेट्रोल और डीजल दोनों में पूरी हो गई है.
Red Dark Edition की खासियत
इस लॉन्च का सबसे खास हिस्सा Red Dark Edition है. इसमें Harrier डीजल में खास Nitro Crimson रेड कलर दिया गया है, जो इसे बेहद स्टाइलिश बनाता है. इसके साथ 19-इंच ब्लैक अलॉय व्हील्स और रेड ब्रेक कैलिपर्स दिए गए हैं, जो SUV को स्पोर्टी और एग्रेसिव लुक देते हैं. यह एडिशन Harrier और Safari के टॉप वेरिएंट के रूप में आता है और Fearless X+ व Accomplished X+ ट्रिम से ऊपर रखा गया है.
इंटीरियर में प्रीमियम और स्पोर्टी फील
गाड़ी के अंदर Red Dark Edition में Carnelian Red थीम दी गई है. इसमें रेड लेदरेट सीट्स मिलती हैं, जो केबिन को प्रीमियम और स्पोर्टी लुक देती हैं. फीचर्स की बात करें तो इसमें बड़ा 14.5-इंच का हरमन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जिसमें Samsung Neo QLED डिस्प्ले दिया गया है. साथ ही Dolby Atmos साउंड सिस्टम और Mappls Auto नेविगेशन भी मिलता है. इसके अलावा गाड़ी में कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं.
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
दोनों SUVs में 2.0-लीटर Kryojet टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो 170PS की पावर और 350Nm का टॉर्क देता है. इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है. Tata Harrier और Tata Safari दोनों को Bharat NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. इन SUVs ने एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 30.08 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 44.54 अंक हासिल किए हैं, जो इन्हें बेहद सुरक्षित बनाता है.
