प्रयागराज 4 मई 2026 । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को न्यू कैंट स्थित कोबरा ऑडिटोरियम ग्राउंड में भारतीय सेना द्वारा आयोजित ‘नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026’ का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। यह तीन दिवसीय संगोष्ठी चार से छह मई तक आयोजित की जा रही है, जिसका आयोजन भारतीय सेना की उत्तरी कमान और मध्य कमान के साथ-साथ सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एसआईडीएम) के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘रक्षा त्रिवेणी संगम’ रखा गया है, जो आयोजन की मूल भावना को परिभाषित करता है। इस मंच के माध्यम से भारतीय सेना की परिचालन संबंधी चुनौतियों, अत्याधुनिक स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन और उनके प्रभावी एकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में देशभर के एमएसएमई, निजी रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनियां, स्टार्टअप्स और सैन्य कर्मी भाग ले रहे हैं। कुल 284 कंपनियां अपने नवीनतम नवाचारों और तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य फील्ड तैनाती और रखरखाव प्रक्रियाओं के लिए उपयुक्त तकनीकों की पहचान करना तथा रक्षा खरीद प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है, जिससे भारतीय सेना के लिए आत्मनिर्भर और टिकाऊ रक्षा प्रणाली को बढ़ावा मिल सके।
भारतीय सेना लगातार बदलती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों की परिचालन उपयोगिता और नवाचार की आवश्यकता पर बल देती रही है। यह संगोष्ठी रक्षा बलों, वैज्ञानिकों, उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के बीच एक सेतु का कार्य करेगी, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी उत्कृष्टता को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ सहित सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
