जबलपुर क्रुज हादसा : बरगी में उठे बवंडर में मां, पिता भाई की चली गई जान, अकेला रह गया मासूम पूर्वीथरन – vedantsamachar.in

जबलपुर क्रुज हादसा : बरगी में उठे बवंडर में मां, पिता भाई की चली गई जान, अकेला रह गया मासूम पूर्वीथरन

जबलपुर , 04 मई 2026 ।
बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे ने 10 वर्षीय बालक पूर्वीथरन के परिवार के पांच लोगों को उससे छीन लिया। पूर्वीथरन खमरिया आयुध निर्माण कर्मी आर. कामराज का बेटा है। इस हादसे में कामराज, उनकी पत्नी काकूमाझी, दूसरे बेटे श्रीतमिल के अलावा भाभी सौभाग्यम और भतीजी मयूरन की मौत हो गई। अपने पांच परिजन को होने के बाद रोता-बिलखता पूर्वीथरन नाना-नानी के साथ अपने घर त्रिरुचिरापल्ली रवाना हो गया। कामराज के ससुरालजन पिछले दिनों तमिलनाडु से खमरिया आए थे तो गुरुवार को वे सब भेड़ाघाट और फिर बरगी बांध घूमने पहुंचे। सभी खुशी-खुशी क्रुज पर बैठे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पांच लोगों को छोडक़र बाकी को बचा लिया गया। 45 वर्षीय कामराज और उनके भतीजे नौ वर्षीय मयूरन के शव को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और एनवीडीए के डीप ड्राइवरों की सहायता से तलाशकर घटना के लगभग 60 घंटे के बाद बांध से बाहर निकाला जा सकता। कामराज, उसके बेटे और भतीजे के शव को विशेष विमान से तमिलनाडु भेजने की व्यवस्था की गई। रविवार की शाम को तीनों के शवों को डुमना एयरपोर्ट ले जा रहा था, तभी मौसम खराब होने की जानकारी लगी। शवों को लेने आया विशेष विमान डुमना एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका, इससे कामराज और उनके बेटे के शव को आधे रास्ते से फिर वापस मरचुरी ले जाया गया।

दोनों शव सोमवार को विशेष विमान से तमिल नाडु ले जाए जाएंगे। वहीं, कामराज के भतीजे मयूरन के शव को कार्गो विमान से शाम को कोयंबटूर भेज दिया गया है। शव के साथ स्वजन भी गृहग्राम के लिए रवाना हुए। हादसे में जान गंवाने वाली कामराज की पत्नी और भाभी का शव शनिवार को विशेष विमान से कोयंबटूर ले जाया गया था।
रविवार को सुबह लापता दोनों पर्यटकों के शव मिलने के बाद भी एहतियातन तलाशी अभियान जारी रखा गया। शाम तक एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दल बांध में घटनास्थल के आसपास के छह से सात किलोमीटर के हिस्से में सर्चिंग करते रहे। बोट के साथ ही कुछ स्थानों पर डीप ड्राइवरों ने भी छलांग लगाकर पानी के नीचे तक पहुंचे। यह पता लगाने का प्रयास किया हादसे में कहीं और हताहत अंदर फंसे तो नहीं है। पुलिस का दल घटनास्थल के आसपास अभी भी निगरानी बनाए हुए है। बांध क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को पानी में कोई भी व्यक्ति या सामग्री के देखने पर तुरंत सूचना देने के लिए कहा है।