भोपाल, 03 अगस्त । मध्य प्रदेश के सहकारिता एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के आतिथ्य में अगस्त माह के प्रथम शासकीय कार्य दिवस पर सोमवार को राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय के सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्रगीत वंदे-मातरम एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन का सामूहिक गायन हुआ।
इस दौरान पुलिस बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत मधुर धुनें प्रस्तुत की। गायन में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, संजय कुमार शुक्ला, श्रीमती दीपाली रस्तोगी, शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह, विवेक कुमार पोरवाल सहित मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि प्रत्येक माह के पहले कार्य दिवस पर मंत्रालय सहित जिला मुख्यालय स्थित सरकारी कार्यालयों में वंदे-मातरम और राष्ट्र-गान का सामूहिक गायन होता है।

