समाज सुधारकों को मिलेगा 'गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3', निःशुल्क नामांकन प्रक्रिया शुरू - vedantsamachar.in

समाज सुधारकों को मिलेगा ‘गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3’, निःशुल्क नामांकन प्रक्रिया शुरू

इंदौर, 03 अगस्त (वेदांत समाचार)। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बिना किसी प्रचार-प्रसार के लगातार काम कर रहे समाज सुधारकों और परिवर्तनकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘2030 का भारत’ संस्था ने गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3 (GIAA-3) के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार शिक्षा, भूखमुक्त समाज और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (SDGs) के प्रति समर्पित नोडल संस्था ‘2030 का भारत’ ने बताया कि इस सम्मान के लिए नामांकन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। संस्था का उद्देश्य उन लोगों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जो लंबे समय से समाज के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं।

संस्था के अनुसार, समाज में वास्तविक परिवर्तन लाने वाले कई ऐसे लोग हैं, जो बिना किसी प्रसिद्धि या सम्मान की उम्मीद के शिक्षा के प्रसार, जरूरतमंदों की सहायता, भूख मिटाने और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में लगातार योगदान दे रहे हैं। गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स के माध्यम से ऐसे ही गुमनाम नायकों को पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।

‘2030 का भारत’ के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि देश का विकास केवल योजनाओं और नीतियों से संभव नहीं है, बल्कि उन लोगों के प्रयासों से होता है, जो समाज में बदलाव लाने के लिए लगातार काम करते हैं। उन्होंने कहा कि गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स ऐसे वास्तविक परिवर्तनकर्ताओं के कार्यों को सामने लाने और उन्हें सम्मानित करने की पहल है।

उन्होंने बताया कि गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स का यह तीसरा संस्करण है। इससे पहले आयोजित दो संस्करणों में सात हिंदी भाषी राज्यों के 21 समाजसेवियों और परिवर्तनकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

आयोजन समिति ने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और संगठनों से अपील की है कि यदि उनके संपर्क में कोई ऐसा व्यक्ति है, जिसने क्वालिटी एजुकेशन, जीरो हंगर या अफोर्डेबल एंड क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है, तो उसका नामांकन जरूर भेजें।प्राप्त सभी नामांकनों का विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा। चयनित व्यक्तियों को गोल्डन इम्पैक्ट अचीवर अवॉर्ड्स-3 के तहत राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा। संस्था ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और इच्छुक लोग अपने स्तर पर योग्य समाज सुधारकों का नाम प्रस्तावित कर सकते हैं।