स्वास्थ्य मंत्रीने कहा प्रदेश में अगले एक वर्ष में शिशु मृत्यु दर आधा करने का लक्ष्य..

रायपुर  13 नवंबर (वेदांत समाचार)। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने शुक्रवार को विश्व निमोनिया दिवस पर प्रदेश में सांस अभियान (निमोनिया को सफलतापूर्वक बेअसर करने के लिए सामाजिक जागरूकता और कार्रवाई) का शुभारंभ किया। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए 12 नवंबर से 28 फरवरी 2022 तक इसका संचालित किया जाएगा है। सिंहदेव ने वीडियो कांफ्रेंस से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का भी शुभारंभ किया। सुरक्षा, गुणवत्ता और पोषण देखभाल – प्रत्येक नवजात शिशु का जन्म अधिकार की थीम के साथ 15 से 21 नवंबर तक यह सप्ताह मनाया जाएगा।

इस मौके पर सिंहदेव ने कहा कि हमारा लक्ष्य अगले एक वर्ष में शिशु मृत्यु दर को 50 प्रतिशत तक कम करना है। वर्तमान में यह दर 40 प्रतिशत है जिसे एक साल में हमें 20 प्रतिशत पर लाना है। उन्होंने कहा कि नवजात बच्चों में निमोनिया के प्रति जन जागरूकता जरूरी है। नवजातों में प्रसव के दौरान इन्फेक्शन की संभावनाएं ज्यादा होती हैं। उन्होंने कहा कि देश में 14 प्रतिशत नवजातों की मृत्यु निमोनिया के कारण होती है। हमें इस पर गंभीरता से कार्य करने की आवश्यता है। उन्होंने बताया कि बच्चों में निमोनिया की रोकथाम के लिए इस साल से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में पीसीवी (न्यूमोकोकल कान्ज्युगेट वैक्सीन) को भी शामिल किया गया है। इसकी तीन खुराक बच्चों को क्रमश: छह सप्ताह, 14 सप्ताह और नौ महीने की आयु में निश्शुल्क दी जा रही है।