धान का अवैध परिवहन, चार वाहन सहित 466 बोरी जब्त.

 गरियाबंद 12 नवंबर (वेदांत समाचार)। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में दूसरे प्रदेश से धान की अवैध आवक शुरू हो गई है। पड़ोसी राज्य से धान का अवैध परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मुस्तैदी के साथ अभी से कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

गरियाबंद जिले के कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के निर्देश के परिपालन में देवभोग तहसील के ओडिशा सीमा में 13 धान चेकपोस्ट और छुरा तहसील बार्डर में दो धान चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इन चेकपोस्ट में राजस्व, पुलिस, खाद्य, सहकारिता तथा मार्कफेड विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा ओडिशा प्रांत से धान के अवैध परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गुरुवार को देवभोग अनुविभाग अंतर्गत चार वाहन को धान के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर 466 बोरा धान सहित जब्त कर देवभोग थाना के सुपुर्द किया गया है। जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई है, उसमें देवभोग निवासी मुकेश अग्रवाल वाहन क्रमांकओआर 24, बी 7101 जब्त धान 300 बोरा, निष्टीगुड़ा निवासी बुटीझाकर वाहन क्रमांक सीजी 04, एमएम 2811 जब्त धान 56 बोरा, केन्दूवन निवासी निरंजन यादव वाहन क्रमांक सीजी 23, 0150 जब्त धान 50 बोरा और कुसुमजूर निवासी पूर्णचंद नाग वाहन क्रमांक सीजी 04 जेबी 5453 जब्त धान 60 बोरा शामिल है। कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को अपर कलेक्टर जेआर चौरसिया की अध्यक्षता में पुलिस, राजस्व, खाद्य, सहकारिता, मार्कफेड विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में दूसरे प्रांत के अवैध धान परिवहन रोकने रायशुमारी की गई। साथ ही धान के अवैध परिवहन में संलिप्त बिचौलियों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया।