समस्तीपुर के प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. विशाल वनमाली बीते तीन दिन से लापता.

बिहार 08 नवंबर (वेदांत समाचार)। समस्तीपुर के प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. विशाल वनमाली बीते तीन दिन से लापता हैं। इसको लेकर उनके पिता ने मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया। रविवार की शाम की शाम उन्होंने थाने में अपने बेटे के लापता होने की सनहा दर्ज कराई।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के सोनवर्षा मोहल्ला में रहने वाले जाने-माने न्यूरो सर्जन डॉ. विशाल वनमाली शुक्रवार को अपने घर से हॉस्पिटल रोड स्थित अपने निजी क्लीनिक के लिए निकले थे। लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। वहीं, डॉक्टर का दोनों मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। जिससे परिजन चिंतित हो गए। परिजनों ने उनकी खोजबीन की। लेकिन वो नहीं मिले। बता दें कि डॉक्टर का पहली पत्नी से विवाद चल रहा है। डॉक्टर ने दूसरी शादी की है। फिर भी परिवार में तनाव बरकरार है। स्थानीय लोगों के अनुसार डॉक्टर के लापता होने के पीछे उनका परिवारिक कारण भी बताया जा रहा है।

इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह मुफस्सिल थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने डॉक्टर के मिसिंग होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि उनके पिता द्वारा मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।