नईदिल्ली, 0३ मई 2026 ।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) देश का पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम गुजरात के एनएच-48 के सूरत-भरूच खंड पर स्थित चोर्यासी टोल प्लाजा पर शुरू कर चुका है।
एनएचएआई ने बताया है कि इस प्रणाली के लागू होने के पहले दिन ही 41,500 वाहनों ने एमएलएफएफ टोल प्लाजा को पार किया। चूंकि, इस सिस्टम को अगले तीन वर्ष के भीतर देशभर के सभी नेशनल हाईवे पर लागू करने का लक्ष्य है, इसलिए प्राधिकरण ने सुगम यात्रा के लिए उपयोगकर्ताओं से अपने फास्टैग खातों में पर्याप्त राशि बनाए रखने का आग्रह किया है।साथ ही बताया है कि अपर्याप्त फास्टैग शेष राशि, अमान्य या खराब फास्टैग जैसी स्थितियों में उपयोगकर्ताओं को टोल शुल्क का भुगतान न करने के लिए इलेक्ट्रानिक नोटिस (ई-नोटिस) जारी किया जाएगा। ऐसे उपयोगकर्ताओं को ई-नोटिस जारी होने के 72 घंटों के भीतर सामान्य निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।
72 घंटों के बाद भी भुगतान न करने पर वाहन श्रेणी की सामान्य दर से दोगुणा शुल्क लिया जाएगा। ई-नोटिस पर शुल्क का भुगतान पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। इसके अलावा उपयोगकर्ता ई-नोटिस जारी होने के 72 घंटों के भीतर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। ई-नोटिस का भुगतान न करने पर फास्टैग को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और वाहन प्लेटफार्म के माध्यम से अन्य वाहन संबंधी सेवाओं पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।
