यमुनानगर,23अक्टूबर : यमुनानगर के सढौरा में आज गुरुवार को कोटला रोड पर ट्रैक्टर व बाइक की आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार ट्रैक्टर और पेड़ के बीच में फंस गया, जिसे राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर को पीछे धकेलकर बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 35 साल के असगर निवासी गांव पम्मूवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल में पहुंचा दिया। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी अनुसार असगर दोपहर में अपनी बाइक पर सवार होकर साढौरा की ओर आ रहा था तभी सामने से साढौरा की तरफ से आ रहे ट्रेक्टर से भिड़ंत हो गई।
ट्रैक्टर के अगले हिस्से में फंसा बाइक सवार
हादसे में बाइक सवार ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से में बुरी तरह से फंस गया और ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क की साइड में पेड़ में जा लगा। घटना को देखते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल की।
मौके पर डायल 112 की टीम पहुंच गई और राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर का काे धक्का लगाकर पीछे की तरफ धकेला और असगर को ट्रैक्टर से बाहर निकाला। घायल युवक को पुलिस एबुलेंस की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंची जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित कर शव सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मामले की कर रहे जांच
सढौरा थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई है वहीं ट्रैक्टर चालक घायल है। अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वह हादसे की जांच कर रहे हैं। हादसा होने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।



