प्रयागराज/गाजियाबाद। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ POCSO मामले में शिकायत दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता आशुतोष पांडे ने अपने ऊपर कथित हमले का आरोप लगाया है। पांडे का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब वह ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे।
आशुतोष पांडे के अनुसार, वे गाजियाबाद से ट्रेन में सवार होकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। सुबह के समय जब वे बाथरूम की ओर गए तो वहां एक व्यक्ति खड़ा मिला और आसपास कोई अन्य यात्री या पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। जैसे ही वे आगे बढ़े, उस व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया और हाथापाई शुरू हो गई।
पांडे ने आरोप लगाया कि हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की और कहा कि वह उनकी नाक काटकर अपने गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के चरणों में अर्पित करना चाहता है। उन्होंने बताया कि किसी तरह खुद को बचाते हुए वे बाथरूम में बंद हो गए और पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।
पांडे ने कहा कि इस हमले में उन्हें कई गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस से मांग की है कि उनके द्वारा प्रस्तुत अभिलेख और साक्ष्य किसी तरह उच्च न्यायालय तक सुरक्षित रूप से पहुंचाए जाएं, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।