Vedant Samachar

शवयात्रा में भगदड़! मधुमक्खियों के हमले से दो दर्जन लोग घायल

Vedant Samachar
3 Min Read

उन्नाव,06मार्च। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में अंतिम संस्कार के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मधुमक्खियों ने शवयात्रा में शामिल ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए लोग अपनी जान बचाकर खेतों और झाड़ियों की ओर भागने लगे और शव वहीं खेत में छूट गया। इस घटना में करीब दो दर्जन ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह घटना अजगैन कोतवाली क्षेत्र के अहिमाखेड़ा गांव की है। गांव के 65 वर्षीय सुंदर लाल की गुरुवार सुबह मौत हो गई थी। परिजन और ग्रामीण उनका अंतिम संस्कार करने के लिए शव को गांव के बाहर स्थित खेत में लेकर गए थे। बताया जा रहा है कि खेत के पास एक बाग है, जहां एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। जैसे ही ग्रामीण शव लेकर खेत पहुंचे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के हमले से वहां मौजूद करीब 50 से 60 ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कोई सरसों के खेत में घुस गया तो कोई गेहूं के खेत और झाड़ियों में छिप गया। इस अफरा-तफरी में शव को भी वहीं छोड़ना पड़ा।

हमले में करीब दो दर्जन लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इंजेक्शन और दवाइयों के जरिए उनका इलाज किया। ग्रामीणों ने बताया कि खेत के पास एक बाग में खिन्नी का पेड़ है, जिस पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। शव जैसे ही वहां पहुंचा, मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक सुंदर लाल करीब 15 से 20 दिन पहले रिश्तेदारी में गिर गए थे, जिससे उनका पैर टूट गया था। इसके बाद से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी और गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद जब मधुमक्खियां शांत हुईं तो ग्रामीण दोबारा मौके पर पहुंचे और फिर शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

Share This Article