जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी

छत्तीसगढ़ 31 अक्टूबर (वेदांत समाचार) महासमुंद जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। यहां एक बार फिर से एक हाथी ने जान ली है। इस बार दंतैल ने एक बुजुर्ग को बुरी तरह से पैर से कुचल कर मार डाला है। घटना के वक्त बुजुर्ग पड़ोसियों के साथ घर के पास ही बैठा था। तभी सामने से आए दंतैल ने उस पर हमला किया। मामला तुमगांव नगर पंचायत क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, तुमगांव में रहने वाला रहिपाल पटेल(68) कुछ ग्रामीणों के साथ अपने घर के पास सुबह करीब 6 बजे बैठा हुआ था। सभी आपस में बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान बस्ती में हाथी घुस आया। हाथी को देख बाकि के लोग भाग गए। मगर रहिपाल भाग नहीं सका। इसके बाद उस दंतैल हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी ने रहिपाल को पैर से कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग ने परिजनों को 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी है।

वन विभाग ने परिजनों को 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी है।

घटना के बाद आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद लोगों ने वन विभाग को पूरे घटना की जानकारी दी। खबर लगते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा आस-पास के इलाकों में अब वन विभाग की टीम नजर रख रही है कि हाथियों का मूवमेंट किस तरफ है। वन विभाग ने लोगों से भी हाथियों के मूवमेंट के मद्देनजर अलर्ट रहने कहा है।

जिले में हाथियों के आतंक का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में हाथी लगातार उत्पात मचाते रहे हैं। इससे करीब एक महीने पहले भी हाथियों ने वीडियो बना रहे एक शख्स को मार डाला था। जबकि हाथियों के झुंड का जिले के एक बस्ती में घुसने का भी वीडियो सामने आया था। उस दौरान हाथी एक रेलवे स्टेशन तक भी पहुंच गए थे।