बालको को मिला नया नेतृत्व: आर.के. सिंह बने सीईओ, डिमर्जर के तहत वेदांता में भी बदलाव - vedantsamachar.in

बालको को मिला नया नेतृत्व: आर.के. सिंह बने सीईओ, डिमर्जर के तहत वेदांता में भी बदलाव

कोरबा, 02 मई 2026 (वेदांत समाचार)। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको), जो वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड का हिस्सा है, ने वरिष्ठ उद्योग विशेषज्ञ राजेश कुमार सिंह को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। उन्होंने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया।

नए सीईओ के रूप में सिंह कंपनी के समग्र प्रचालन, रणनीतिक दिशा और भविष्य की विकास योजनाओं का नेतृत्व करेंगे। उनके पास विनिर्माण उत्कृष्टता, संयंत्र संचालन और औद्योगिक प्रक्रियाओं में व्यापक अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने विभिन्न उत्पादन इकाइयों में उत्पादकता, गुणवत्ता और लागत नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार कर वैश्विक मानकों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सिंह प्रचालन प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा, गुणवत्ता सुधार, डिजिटल परिवर्तन और रणनीतिक नेतृत्व जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखते हैं। उनके नेतृत्व में बालको के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और सतत विकास लक्ष्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

डिमर्जर के तहत नेतृत्व में बदलाव कंपनी के प्रस्तावित डिमर्जर के तहत पूर्व सीईओ राजेश कुमार को वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड का सीईओ नियुक्त किया गया है। वे एल्यूमिना और एल्यूमिनियम विस्तार परियोजनाओं के साथ-साथ डाउनस्ट्रीम व्यवसाय के विकास और अन्य रणनीतिक पहलों का नेतृत्व करेंगे।

बालको में अपने कार्यकाल के दौरान राजेश कुमार ने कंपनी की विस्तार परियोजनाओं को गति देने में अहम योगदान दिया। उनके नेतृत्व में उत्पादन क्षमता में वृद्धि, प्रक्रियागत उत्कृष्टता और दीर्घकालिक विकास के लिए मजबूत आधार तैयार किया गया।