रायगढ़ 29 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार )। रायगढ़ जिले के अंतिम छोर स्थित खरसिया तहसील के ग्राम पंचायत कुरू में आयोजित जन-जागरूकता शिविर ने नशामुक्ति, सामाजिक चेतना और जन-पुलिस समन्वय का मजबूत संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
एसडीओपी प्रभात कुमार पटेल ने जानकारी दी कि ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस न केवल नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, बल्कि जागरूकता अभियान भी चला रही है। जोबी क्षेत्र में पुलिस और महिला समूहों के संयुक्त प्रयास से 28 में से 24 गांव नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। महिलाओं ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा संभाला है, जिससे इसके निर्माण और बिक्री में कमी आई है।
अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मातृशक्ति की भूमिका को इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल नशामुक्ति अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक जनआंदोलन है। उन्होंने जोबी मॉडल को पूरे जिले और प्रदेश के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
