रायगढ़ के कुरू गांव में जन-जागरूकता शिविर: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नशामुक्ति अभियान को बताया सामाजिक क्रांति – vedantsamachar.in

रायगढ़ के कुरू गांव में जन-जागरूकता शिविर: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नशामुक्ति अभियान को बताया सामाजिक क्रांति

रायगढ़, 28 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के अंतिम छोर स्थित खरसिया तहसील के ग्राम पंचायत कुरू में मंगलवार को जन-जागरूकता, नशामुक्ति और सामाजिक चेतना को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस चौकी जोबी द्वारा आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और पूजा-अर्चना व माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल ने जानकारी दी कि एसएसपी के मार्गदर्शन में “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। जोबी पुलिस और महिला समूहों के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र के 28 गांवों में से 24 गांव नशामुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जो सामाजिक बदलाव का मजबूत उदाहरण बन रहा है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से अवैध शराब निर्माण और बिक्री में उल्लेखनीय कमी आई है।

अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मातृशक्ति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं ने नशे के खिलाफ जिस दृढ़ संकल्प के साथ आंदोलन खड़ा किया है, वह एक सामाजिक क्रांति का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह केवल नशा मुक्ति अभियान नहीं, बल्कि समाज को मुख्यधारा में लौटाने का प्रयास है। उन्होंने जोबी क्षेत्र के मॉडल को पूरे रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायक बताया।

एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही स्थायी बदलाव संभव है, और जोबी क्षेत्र में यह समन्वय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने एसडीओपी प्रभात पटेल, चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर और स्थानीय पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे सामुदायिक पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी खरसिया सीताराम ध्रुव, चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर, बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूहों की सदस्याएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। एसएसपी ने अपने संदेश में कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है और जोबी का यह मॉडल प्रदेश के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकता है।