सुशासन तिहार 2026 की तैयारियां तेज: कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देश, पेयजल से लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था तक व्यापक इंतजाम – vedantsamachar.in

सुशासन तिहार 2026 की तैयारियां तेज: कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देश, पेयजल से लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था तक व्यापक इंतजाम

कोरबा, 28 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले सुशासन तिहार 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता से प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरण, पेंशन और राशनकार्ड से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान शहर के वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर आम नागरिकों से आवेदन लिए जाएंगे। संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा में आवेदनों का निराकरण करेंगे और आवेदकों को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है ताकि कार्य प्रभावित न हो।

गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर पर्याप्त पेयजल, ओआरएस, स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शिविर स्थलों पर छाया, पंखे और कूलर की व्यवस्था करने को भी कहा ताकि लोगों को राहत मिल सके।

जिले में पेयजल संकट से निपटने के लिए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जाए और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कमी न हो, इसके लिए पानी टंकियों की स्थापना, नए बोर खनन और आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ गांवों में पाइपलाइन सुधार कर नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानों जैसे ग्राम पंचायत, बैंक, बस स्टैंड, बाजार और कलेक्ट्रेट परिसर में प्याऊ की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी के घड़े और पीने के पानी के लिए गिलास उपलब्ध कराने को कहा गया।

लू के खतरे को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें और लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी कर लोगों को जागरूक किया जाए। इसके अलावा विद्युत विभाग को भी चेतावनी देते हुए कहा गया कि खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत मिलते ही तत्काल बदलने की कार्रवाई की जाए और बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

बैठक में खाद एवं बीज भंडारण की समीक्षा करते हुए किसानों के धान खरीदी पंजीयन को 31 मई से पहले अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कोटवारों के माध्यम से मुनादी कर किसानों को जागरूक करने को कहा गया।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, आरबीसी 6-4, स्वेच्छानुदान, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा 2.0 की भी समीक्षा की और प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए।

बैठक में डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।