रायपुर, 27 अप्रैल (वेदांत समाचार)। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में स्थित संतोषी नगर गोकुल नगर शासकीय शराब दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शराब सहित नगदी रकम पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दीपक बाघ ने 26 अप्रैल 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे से 25 अप्रैल की सुबह 10 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने शराब दुकान की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और एक बोतल अंग्रेजी शराब (नंबर 1 पौवा) तथा करीब 10,260 रुपये नगद चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत धारा 331(4) और 305 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित ने थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक नग अंग्रेजी शराब का पौवा और 1520 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम सकरी, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की भी तस्दीक की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
