कोरबा, 26 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत रात्रि गश्त को और अधिक सख्त कर दिया गया है। पुलिस टीमों द्वारा रात के समय संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 15 दिनों के भीतर रात्रि गश्त के दौरान बिना उचित कारण घूमते पाए गए तथा पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं देने वाले लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 128 के तहत कुल 170 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाना, संदिग्ध गतिविधियों को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रात के समय सक्रिय निगरानी से असामाजिक तत्वों पर दबाव बना है और अपराध की संभावनाओं में कमी आई है। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि लोग अनावश्यक रूप से रात में बाहर न घूमें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर निकलना पड़े तो अपने साथ पहचान पत्र अवश्य रखें और पुलिस जांच के दौरान सहयोग करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।
