‘एक इंच जमीन भी नहीं खोई’, पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे ने चीन के साथ सीमा विवाद पर तोड़ी चुप्पी – vedantsamachar.in

‘एक इंच जमीन भी नहीं खोई’, पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे ने चीन के साथ सीमा विवाद पर तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली 25 अप्रैल 2026 पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने अपने अप्रकाशित संस्मरण ”फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी” से जुड़े राजनीतिक विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने 2020 के भारत-चीन सीमा विवाद पर अपने रुख का दृढ़ता से बचाव किया है। एक विशेष साक्षात्कार में, जनरल नरवणे ने अपने इस कथन को दोहराया कि चीन के हाथों हमने एक इंच भी जमीन नहीं खोई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व सैन्य मामलों में सीधे हस्तक्षेप नहीं करता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े निर्णय सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) द्वारा लिए जाते हैं।

सशस्त्र बलों को यथासंभव राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। किसी विशेष बयान को प्रधानमंत्री से जोड़ना उचित नहीं है। विवाद के केंद्र में जनरल नरवणे का यह दावा है कि 2020 के पूर्वी लद्दाख गतिरोध के दौरान भारत ने चीन के हाथों अपना कोई क्षेत्र नहीं गंवाया।

कांग्रेस नेताओं ने बार-बार इस दावे को चुनौती दी है और उनके संस्मरण के अंशों का हवाला दिया है, जिनके अनुसार पूर्व सेना प्रमुख एक अलग ही कहानी बयां करते हैं। हालांकि, पूर्व सेना प्रमुख ने इसको लेकर स्पष्ट रुख अपनाया।

उन्होंने कहा-उस समय भी मैंने कहा था कि हमने कोई क्षेत्र नहीं गंवाया है। मैं आज भी उस बयान पर कायम हूं। अगर कोई इसे मानना नहीं चाहता, तो यह उसकी मर्जी है।

जनरल नरवणे ने कहा कि सुरक्षा से जुड़े सभी निर्णय सीसीएस द्वारा लिए जाते हैं। इस समिति की अध्यक्षता प्रधानमंत्री करते हैं। सेना में जो भी निर्णय लिए जाते हैं, वे हमेशा सेना प्रमुख के आदेश पर होते हैं। लेकिन आप बार-बार यह नहीं कह सकते कि सेना प्रमुख ने ये कहा है, इसलिए ऐसा करो।