रायगढ़,24अप्रैल(वेदांत समाचार)। तमनार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद की है। प्रार्थी रूपानंद राठिया निवासी ग्राम टांगरघाट द्वारा 11 अप्रैल 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 2 अप्रैल की शाम वह अपनी HF Deluxe (क्रमांक CG 13 AH 0199) घर के पास खड़ी कर शादी कार्यक्रम में गया था, और अगले दिन सुबह लौटने पर बाइक गायब मिली। प्रकरण में थाना तमनार में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 70/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी गई बाइक ग्राम चिर्रामुडा के एक युवक के पास देखी गई है। सूचना पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरभांठा चौक में घेराबंदी कर संदेही अर्जुन सिदार (19 वर्ष) निवासी चिर्रामुडा को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया, जिसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वाहन चोरी के खुलासा में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं उनके हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है।
