मुरादाबाद,23 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं, जब भात की रस्म पूरी कर लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। यह दर्दनाक हादसा डींगरपुर-असदपुर रोड पर हुआ, जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रॉली में करीब 25 लोग सवार थे, जो बागपत से भात की रस्म पूरी कर अपने घर संभल लौट रहे थे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज रफ्तार में था और टक्कर मारने के बाद ट्रॉली को काफी दूर तक घसीटता रहा। कई लोग सड़क पर बिखर गए, जबकि कुछ डंपर के नीचे आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर राजेंद्र सिंह के अनुसार कई की हालत गंभीर है और कुछ को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
फिलहाल अस्पताल में 10 मरीजों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। कुंवर आकाश सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है।
