मिर्ज़ापुर 24 अप्रैल 2026 | पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आया है। फिलहाल सभी शवों की शिनाख्त की जा रही है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दिल दहला दिया। ट्रक, ट्रेलर, स्विफ्ट कार और बोलेरो की टक्कर के बाद लगी आग में दो मासूम बच्चों समेत 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद वाहनों में सवार लोग चीखने-चिल्लाने लगे। कुछ ही क्षणों में तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और बोलेरो देखते ही देखते आग का गोला बन गई। आग इतनी भीषण थी कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।जानकारी के अनुसार, घाटी में गिट्टी से भरा ट्रेलर नीचे उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार, फिर दाल से भरा ट्रक और सबसे पीछे बोलेरो चल रही थी। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार आगे ट्रेलर से जा भिड़ी, जबकि पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रक से टकरा गई और उसमें आग लग गई।हादसे में बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक और ट्रक के खलासी की भी मौके पर मौत हो गई। घायल ट्रक चालक अजीज खान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई।
गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान जब शव बाहर निकाले गए, तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। कई शव बुरी तरह जल चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आया है। फिलहाल सभी शवों की शिनाख्त की जा रही है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
