रायगढ़, 23 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार) । रायगढ़ में शादी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने शहर के मैरिज गार्डन संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर यातायात प्रबंधन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। यह पहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में की गई।बैठक में ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि वैवाहिक सीजन में बारात और अन्य आयोजनों के चलते मैरिज गार्डन के बाहर भारी भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण शहर में जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मैरिज गार्डन संचालक अपने स्तर पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। जहां स्थायी पार्किंग उपलब्ध नहीं है, वहां अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।इसके साथ ही आयोजन के दौरान प्राइवेट गार्ड और वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि पार्किंग और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके। संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे हर आयोजन से पहले संबंधित थाना और यातायात शाखा को पूर्व सूचना दें, जिससे पुलिस आवश्यकतानुसार बल तैनात कर सके और यातायात सुचारू बना रहे।बैठक में मैरिज गार्डन संचालकों से सुझाव भी लिए गए, जिन पर सहमति बनाते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें गार्डन के बाहर सड़क पर वाहन खड़े न होने देना, स्पष्ट पार्किंग संकेतक लगाना, बारात के लिए निर्धारित मार्ग तय करना, कार्यक्रम के समय की जानकारी साझा करना और यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाना शामिल है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संदेश देते हुए कहा कि आयोजकों और मैरिज गार्डन संचालकों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
