CG BREAKING:संदिग्ध हालात में बुजुर्ग महिला की मौत, 56 लाख के जेवर चोरी—मरवाही क्षेत्र में सनसनी - vedantsamachar.in

CG BREAKING:संदिग्ध हालात में बुजुर्ग महिला की मौत, 56 लाख के जेवर चोरी—मरवाही क्षेत्र में सनसनी

पेंड्रा,23 अप्रैल 2026। मरवाही थाना क्षेत्र के बगरार गांव में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और घर से करीब 56 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, बगरार गांव निवासी इंदिरा देवी राय की 20 अप्रैल की सुबह मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर परिजनों ने इसे उम्र और बीमारी के कारण हुई सामान्य मौत मानते हुए गर्मी के मौसम को देखते हुए जल्द ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। इंदिरा देवी के पति दुलीचंद राय (80) एसईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और दंपति की कोई संतान नहीं है।

मामले में उस समय नया मोड़ आया जब 21 अप्रैल को घर की तलाशी के दौरान एक सूटकेस और एक पेटी गायब पाई गई, जिसमें पुश्तैनी जेवर रखे हुए थे। आसपास तलाश करने पर घर से कुछ दूरी पर दोनों खाली हालत में लावारिस मिले। इससे घर में बड़ी चोरी की पुष्टि हुई और महिला की मौत को लेकर संदेह गहरा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मरवाही पुलिस ने साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा है। पुलिस मृतका के पति दुलीचंद राय से भी पूछताछ कर रही है और घटना से पहले व बाद की परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।