जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में कानून-व्यवस्था भंग करने और पुलिस पर हमला करने के मामले में नवागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में निलेश कुमार यादव (21 वर्ष) और कार्तिक कश्यप (20 वर्ष) शामिल हैं, जो ग्राम बूढ़ेना, थाना नवागढ़ के निवासी हैं। दोनों आरोपी होली पर्व के दौरान हुई घटना के बाद से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी।
घटना 4 मार्च 2026 की देर रात करीब 2 बजे की है, जब नवागढ़ थाना की पेट्रोलिंग टीम ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना की ओर गश्त कर रही थी। इस दौरान ग्राम बूढ़ेना के पास कुछ अज्ञात लोगों ने मुख्य मार्ग पर लकड़ी और पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया था। पुलिस टीम जैसे ही रास्ता साफ करने लगी, छिपे हुए आरोपियों ने अचानक शासकीय वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में पुलिस के दोनों वाहनों के आगे और पीछे के शीशे टूट गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे थे, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों—अनीश यादव (19 वर्ष), साहिल यादव (21 वर्ष), राज कश्यप (19 वर्ष), सुखराम कश्यप (22 वर्ष) और परमेश्वर यादव (22 वर्ष)—को मौके से पकड़ लिया था। पूछताछ में सभी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पथराव करने, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की बात स्वीकार की थी, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।
वहीं, इस मामले में फरार चल रहे निलेश कुमार यादव और कार्तिक कश्यप की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे और नवागढ़ थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
