महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी अब निःशुल्क, 30 जून तक पूरा करना अनिवार्य – vedantsamachar.in

महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी अब निःशुल्क, 30 जून तक पूरा करना अनिवार्य

कोरबा, 21 अप्रैल 2026। महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। अब योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चिन्हांकित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) केंद्रों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह प्रक्रिया बिना किसी शुल्क के पूरी की जाएगी। ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है।

प्रशासन के अनुसार, हितग्राहियों को ई-केवाईसी के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। महिलाओं को केवल अपना आधार कार्ड एवं महतारी वंदन योजना का पंजीयन आईडी लेकर नजदीकी सीएससी केंद्र या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पास पहुंचना होगा। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अब किसी भी दस्तावेज की फोटोकॉपी या प्रिंटआउट जमा करने की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है।

सत्यापन कार्य को तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए केंद्रों पर लैपटॉप एवं बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अंगूठे के निशान के माध्यम से तत्काल सत्यापन संभव होगा। जिन हितग्राहियों को अपनी योजना आईडी की जानकारी नहीं है, वे अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर आवश्यक विवरण प्राप्त कर सकते हैं।