ओडिशा से लौटे युवक का शव चतरा में मिला, शरीर पर मिले चोट के निशान, तालाब के पास मिली लाश

झारखंड,13 फ़रवरी 2025/ चतरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरैनियां तालाब के पास स्थित मंदिर के निकट दिभा मोहल्ला बढ़ई टोला निवासी छोटू राणा का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक कुछ दिन पहले ही ओडिशा से चतरा लौटा था।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृतक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या या दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के भाई के अनुसार, छोटू ओडिशा से लौटने के बाद से चिंतित रहता था। घटना वाली रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद वह हड़बड़ी में घर से निकला था। परिवार के रोकने के बावजूद वह नहीं रुका और कहा कि जल्द लौट आएगा। जब देर रात तक नहीं लौटा, तो परिवार ने खोजबीन शुरू की। सुबह लगभग 6 बजे उसका शव तालाब के पास मिला।

पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ मृतक के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर अन्य संभावित पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।