बिलासपुर में दोपहर में तेज धूप से बढ़ा तापमान:रात को बढ़ सकती है ठंड; 3 से 4 डिग्री कम होगा टेम्परेचर

बिलासपुर,13 फरवरी 2025 (वेदांत समाचार) : बिलासपुर में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। तीन दिन की गर्मी के बाद अब फिर से ठंड लौट सकती है। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट की संभावना है।

इधर, बुधवार को तापमान बढ़ने से दोपहर में गर्मी का एहसास हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.6 रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान बढ़ने से रात में भी ठंड का असर कम हो गया।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले तीन-चार दिनों से लगातार तापमान बढ़ने लगा है। जिसके चलते सुबह और रात में भी ठंड का असर कम हो गया है। वहीं दोपहर में धूप तेज होने के कारण गर्मी बढ़ गई है।

बुधवार को भी मौसम ऐसा ही रहा। अधिकतम तापमान बढ़ने के साथ ही न्यूनतम तापमान बढ़ गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो बीते 24 घंटों के मुकाबले अधिक है।

तीन से चार डिग्री कम होगा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा। इसके साथ ही उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं आएंगी, जिसके कारण अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है, जिससे रातें और सर्द होंगी।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब ठंडी हवाएं उत्तर की ओर से बहने लगेंगी, जिससे रातें और सर्द होंगी।

आज शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विज्ञानी डॉ.एचपी चंद्रा का कहना है कि एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास स्थित है। इसका प्रभाव कम होने की संभावना है। जिसके कारण उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन प्रारंभ होगा। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभावित है। 13 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा।