MP NEWS: बाल विवाह रोकने, कॉलेज की 2 छात्राएं ब्रांड एंबेसडर नियुक्त

इटारसी,10 फ़रवरी 2025/ महात्मा गांधी स्मृति कॉलेज में बाल विवाह को रोकने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोमवार को कॉलेज प्रबंधन ने दो मेधावी छात्राओं- मृदु पांडे और शीतल अहिरवार को बाल विवाह मुक्त भारत का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया। ये छात्राएं आस-पास के क्षेत्रों में जाकर लोगों को इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूक करेंगी।

प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने बताया कि शिक्षा का अभाव और गरीबी के कारण दूरदराज के क्षेत्रों में यह कुप्रथा अभी भी जारी है। उन्होंने ईश्वर चंद्र विद्यासागर, राजा राममोहन राय और आर्य समाज जैसे महान समाज सुधारकों के योगदान को याद किया, जिन्होंने बाल विवाह के खिलाफ संघर्ष किया।

बाल-विवाह रोकने दिए स्लोगन

छात्राओं ने ‘घर-घर शिक्षा का दीप जलाएं, बाल विवाह को बंद कराएं’ और ‘पढ़ने खेलने की उम्र है, बाल विवाह जुर्म है’ जैसे स्लोगन के माध्यम से जागरूकता फैलाई। कार्यक्रम में डॉ. असुंता कुजूर ने बाल विवाह की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताई, जबकि डॉ. अरविंद शर्मा और डॉ. पी.के. अग्रवाल ने युवाओं को करियर निर्माण पर ध्यान देने कहा।

कार्यक्रम में पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। समापन पर सभी फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकने का संकल्प लिया।