रायगढ़, 3 अप्रैल 2026। महतारी वंदन योजना के द्वितीय चरण के तहत हितग्राहियों के ई-केवाईसी कार्य को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए लैलूँगा और तमनार जनपद पंचायतों में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी और मैदानी अमला शामिल रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की मौजूदगी में सीएससी जिला प्रबंधक रवि सिंह ने दोनों विकासखंडों के सीएससी संचालकों और आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों को ई-केवाईसी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान तकनीकी पहलुओं, आवश्यक दस्तावेजों और समय-सीमा पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसके लिए 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीएससी संचालकों और आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, हितग्राहियों को जागरूक करने और तय समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि योजना का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंच सके।

