झारखंड,09 फरवरी 2025: झारखंड के जामताड़ा जिले में मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुशीयाड़ा गांव में सुबह हुए विवाद के बाद शाम को दो युवकों ने मिलकर देवीलाल मरांडी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवीलाल का इलाज धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है।
दो लोग हुए गिरफ्तार
मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिलन मंडल उर्फ चमातू और तपस बावरी के रूप में हुई है। घायल के परिजनों ने थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है मामला
घटना सिउलीबाड़ी पंचायत क्षेत्र के कुशीयाड़ा गांव की है, जहां सुबह मछली पकड़ने को लेकर विवाद हुआ था। शाम को यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देवीलाल पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।