शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध, फिर युवती का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल, पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार – vedantsamachar.in

शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध, फिर युवती का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल, पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

डोंगरगढ़ 20 अप्रैल (वेदांत समाचार)। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और निजी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के सनसनीखेज मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने न केवल क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, बल्कि लॉज संचालकों की जिम्मेदारी को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने 10 अप्रैल 2026 को थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब 5-6 महीने पहले एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात रायपुर जिले के भंडारपुरी निवासी 26 वर्षीय विकास कोसले से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया।

आरोप है कि 23 मार्च 2026 को आरोपी डोंगरगढ़ पहुंचा और महिला को एक लॉज में ले गया, जहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और कथित तौर पर वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और आईटी एक्ट की धारा 67(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लॉज संचालकों की भूमिका पर उठे सवाल इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर होटल और लॉज संचालकों की जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या संबंधित लॉज में आने-जाने वाले व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया गया था? क्या रजिस्टर में सही जानकारी दर्ज की गई? और क्या किसी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज किया गया? यदि जांच में यह पाया जाता है कि लॉज प्रबंधन ने नियमों की अनदेखी की या लापरवाही बरती, तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, फिलहाल इस मामले में लॉज संचालक की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया दुरुपयोग पर चेतावनी यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और भरोसे के नाम पर हो रहे अपराधों की गंभीर चेतावनी भी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन संबंधों में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित थाने को दें।